डिग्री पहचान देती है, लेकिन संस्कार दिलाते हैं सम्मान : राज्यपाल

WhatsApp Channel Join Now
डिग्री पहचान देती है, लेकिन संस्कार दिलाते हैं सम्मान : राज्यपाल


धर्मशाला, 22 नवंबर (हि.स.)। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने विद्यार्थियों से अर्जित ज्ञान का उपयोग समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिग्री व्यक्ति को पहचान दे सकती है, लेकिन संस्कार ही उसे सम्मान दिलाते हैं और चरित्र उसे विश्वसनीय बनाता है। राज्यपाल रविवार को हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला के 10वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को ‘ज्ञान, संस्कार और संकल्प’ का मूल मंत्र देते हुए कहा कि दीक्षांत शिक्षा का अंत नहीं, बल्कि जीवन में अर्जित ज्ञान को व्यवहार में उतारने और समाज के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की नई शुरुआत है।

समारोह में भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण, कुलाधिपति पद्मश्री प्रो. हरमहेंद्र सिंह बेदी और कुलपति प्रो. सत्य प्रकाश बंसल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

राज्यपाल ने देवभूमि हिमाचल की धरती पर मुख्य न्यायाधीश का स्वागत करते हुए उपाधियां और स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा और उपनिषद के संदेश ‘सत्यं वद, धर्मं चर, स्वाध्यायान्मा प्रमदः’ का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझना भी है।

बेटियों की सफलता को बताया महिला सशक्तिकरण की तस्वीर

समारोह में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले विद्यार्थियों में छात्राओं की अधिक संख्या पर प्रसन्नता जताते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ महिला सशक्तिकरण और बदलते सामाजिक परिवेश का भी प्रमाण है। उन्होंने कहा, बेटे किस्मत से मिलते हैं और बेटियां तपस्या से मिलती हैं। छात्राओं की इस उपलब्धि को उन्होंने समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। इसके साथ ही उन्होंने एनआईआरएफ रैंकिंग में विश्वविद्यालय को 239वां स्थान मिलने पर कुलपति और पूरे विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी।

नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की लगभग 65 प्रतिशत युवा आबादी भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, नवाचार, उद्यमिता तथा राष्ट्र सेवा में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा और सकारात्मक सोच ही देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। राज्यपाल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक विज्ञान के साथ जोड़ने की आवश्यकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781454 Articles

Share this story