महिला सम्मान पर भाजपा का प्रदर्शन सियासी नौटंकी : मल्ली

WhatsApp Channel Join Now
महिला सम्मान पर भाजपा का प्रदर्शन सियासी नौटंकी : मल्ली


धर्मशाला, 12 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता पुनीत मल्ली ने जेएनयू में महिला के कथित यौन उत्पीड़न के मुद्दे पर जिला कांगड़ा में सोमवार को भाजपा के धरना-प्रदर्शन और राहुल गांधी का पुतला फूंकने को सियासी नौटंकी करार दिया है।

यहां जारी बयान में उन्होंने कहा कि भाजपा महिला सम्मान जैसे संवेदनशील मुद्दे पर सस्ती राजनीति कर जनता का ध्यान असल मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी मामले में आरोप लगने मात्र से किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं है। यदि भाजपा को किसी मामले में गंभीरता नजर आती है तो उसे निष्पक्ष जांच और कानून की प्रक्रिया पर भरोसा करना चाहिए, न कि सड़कों पर प्रदर्शन व पुतले फूंककर गलत राजनीतिक माहौल बनाने में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए।

मल्ली ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस को उपदेश देने से पहले भाजपा को अपने राजनीतिक आचरण और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर अपने रिकॉर्ड का भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि पुतले फूंकने और नारेबाजी करने से क्या महिलाओं को न्याय मिल जाएगा? भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसका प्रदर्शन पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए है या केवल राजनीतिक सुर्खियां बटोरने के लिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के पक्ष में है। किसी भी आरोप की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोष साबित होने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759647 Articles

Share this story