‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
धर्मशाला, 28 सितंबर (हि.स.)। वोट चोरी के आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जिला कांगड़ा कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को जिला मुख्यालय धर्मशाला में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं सहित कार्यकर्ताओं ने डाकघर चौक से लेकर उपायुक्त कार्यालय तक प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त सहित केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कांगड़ा कमेटी के अध्यक्ष अनुराग शर्मा की अगुवाई में कांगड़ा के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हेमराज बैरवा को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में सांसद एवं जिलाध्यक्ष अनुराग शर्मा तथा धर्मशाला से कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र सिंह जग्गी सहित अन्य पार्टी नेता मौजूद रहे। ज्ञापन के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने तथा उनकी गिरफ्तारी की मांग उठाई गई।प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव प्रक्रिया और मतों से जुड़े मामलों की जांच की मांग भी रखी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

