वोट बचाओ-देश बचाओ महारैली को कांगड़ा से दिल्ली जाएंगे पांच हजार कांग्रेसी

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 31 अक्टूबर (हि.स.)।

वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा ने दिल्ली में होने वाली महारैली को लेकर अपना एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। जिला कांग्रेस के मीडिया कॉर्डिनेटर एवं महासचिव पंकज कुमार पंकु ने शनिवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में महारैली के माध्यम से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसमें हिमाचल प्रदेश की ओर से बड़ी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा की अगुवाई में इसकी तैयारियां की गई हैं। जिला कांगड़ा से ही 100 से अधिक छोटे-बड़े वाहन दिल्ली के लिए रवाना होंगे। जिसमें पांच हजार लोगों के जाने का लक्ष्य है। पंकु ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने हिमाचल के हितों को ध्यान में रखते हुए विकास की नींव रखी है। वहीं, अब केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर अभियान चला रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पर वोट चोरी कर अपनी सरकारें बनाने के आरोप हैं। पेपर लीक, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), बेरोजगारी और वोट चोरी जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि इन विषयों को लेकर लोगों में नाराजगी है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में 10 लाख से अधिक लोग एकत्रित होंगे। साथ ही आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से दिल्ली में वाहनों को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं और आम लोगों की आवाज दबाई जा रही है।

पंकु ने भाजपा की ओर से धर्मशाला में निकाली गई पदयात्रा पर भी टिप्पणी करते हुए उसे असफल करार दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770142 Articles

Share this story