हिमाचल में 2027 में फिर बनेगी कांग्रेस की सरकार : रजनी पाटिल
धर्मशाला, 15 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने दावा किया है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और कांग्रेस देशभर में लोकतंत्र व जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में रजनी पाटिल ने कहा कि इन बैठकों के माध्यम से पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया जा रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी मजबूती के साथ भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि देशभर में अभियान को अच्छा समर्थन मिल रहा है। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की रैली को उन्होंने ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने भाजपा पर वोट चोरी के जरिए विभिन्न राज्यों में सरकारें बनाने का आरोप लगाया और कहा कि जनता आगामी चुनावों में इसका जवाब देगी।
प्रदेश सरकार की चुनावी गारंटियों पर विनय कुमार ने दावा किया कि 10 में से छह से सात गारंटियां पूरी की जा चुकी हैं। महिलाओं को 1500 रुपये देने की योजना चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही है। वहीं, 300 यूनिट मुफ्त बिजली के विषय में भी कैबिनेट में निर्णय लिया जा चुका है। उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि पूर्व भाजपा सरकार अपने कार्यकाल में घोषणाएं करने के साथ प्रदेश पर देनदारियां छोड़कर गई थी। भाजपा को पहले अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर के वर्ष 2027 में प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के दावे पर विनय कुमार ने तंज कसते हुए कहा कि यदि जनता को वोट चोरी से बनी सरकार चाहिए होगी, तभी ऐसा संभव है। आम आदमी पार्टी के सभी 68 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान पर उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ना हर राजनीतिक दल का अधिकार है, लेकिन आप को पहले पंजाब में अपनी सरकार की चिंता करनी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

