बीज मिटाने की बात करने वाले पहले अपनी जड़ें बचा लें : मल्ली
धर्मशाला, 10 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता पुनीत मल्ली ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर द्वारा कांग्रेस का बीज मिटाने वाले बयान पर आपत्ति जताई है। शनिवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि भाजपा नेता अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस कोई बीज नहीं, बल्कि एक मजबूत विचारधारा है, जिसे दशकों पहले से लोगों ने स्वीकार किया है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन नेताओं के कार्यकाल में प्रदेश अनिश्चितता और अव्यवस्था की स्थिति में पहुंचा, वे आज कांग्रेस को खत्म करने की बात कर रहे हैं।
मल्ली ने कहा कि भाजपा को आत्ममंथन करने की जरूरत है, क्योंकि जनता अब जुमलों और डर फैलाने वाली राजनीति से आगे बढ़ चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मिटाने की बातें केवल राजनीतिक हताशा का प्रतीक हैं।
पुनीत मल्ली ने कहा कि धर्मशाला में वीरवार को हुआ भाजपा का प्रदर्शन पूरी तरह से ड्रामेबाज़ी है, जिसका जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा सत्ता में थी, तब प्रदेश के असली मुद्दों को नजरअंदाज किया गया और आज विपक्ष में आकर वही नेता सड़कों पर दिखावे की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता सब समझती है और ऐसे प्रपंचों से भाजपा को कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलने वाला है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

