लंज में कंपोस्ट यूनिट स्थापित, सालाना 100 मीट्रिक टन खाद का होगा उत्पादन

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 24 अक्टूबर (हि.स.)। कांगड़ा जिले के लंज में खुंब उत्पादकों को खाद उपलब्ध करवाने के लिए कंपोस्ट यूनिट स्थापित की गई है। हिमाचल प्रदेश खुंब विकास योजना के तहत उद्यान विभाग की ओर से स्थापित इस इकाई में सालाना 100 मीट्रिक टन खाद का उत्पादन किया जाएगा। इससे जिले के खुंब उत्पादकों को स्थानीय स्तर पर खाद उपलब्ध होगी और उन्हें इसके लिए दूरदराज के क्षेत्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

इस इकाई की स्थापना के लिए उद्यान विभाग की ओर से 15 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई है। यूनिट शुरू होने से खुंब उत्पादन करने वाले बागवानों को खाद लाने में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर खाद उपलब्ध होने से खुंब उत्पादन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

उपनिदेशक उद्यान विभाग कांगड़ा डॉ. अलक्ष पठानिया ने बताया कि हिमाचल प्रदेश खुंब विकास योजना के तहत लंज में कंपोस्ट यूनिट स्थापित की गई है। इसमें सालाना 100 मीट्रिक टन खाद का उत्पादन होगा। इससे खुंब उत्पादकों को नजदीक ही खाद उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766233 Articles

Share this story