कॉमनवेल्थ गेम्स-2030 की मेजबानी के समर्थन में 24 मई को धर्मशाला में होगा ‘संडेज ऑन साइकिल’ का आयोजन
धर्मशाला, 22 मई (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र धर्मशाला की ओर से रविवार 24 मई को ‘संडेज ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम की थीम ‘स्टार्ट ऑफ कॉमनवेल्थ गेम्स 2030’ रखी गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आमजन को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ वर्ष 2030 में भारत में प्रस्तावित कॉमनवेल्थ गेम्स के प्रति जनसमर्थन तैयार करना है।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने वाली पहलवान बबीता फोगाट मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। उनके साथ फिट इंडिया एंबेसडर दीपक मिश्रा भी विशेष रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय निदेशक शैलेंद्र कुमार (चंडीगढ़) भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
साई धर्मशाला के असिस्टेंट डायरेक्टर जेपी साहनी ने बताया कि ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान में 70 से अधिक खिलाड़ी, प्रशिक्षु और स्थानीय प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। साइकिल रैली के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान फिट इंडिया अभियान और भारत के खेल भविष्य को लेकर भी चर्चा की जाएगी।
बबीता फोगाट ने बढ़ाया देश का गौरव
बबीता फोगाट भारतीय महिला कुश्ती की उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को नई पहचान दिलाई। उन्होंने वर्ष 2014 के ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया था। इसके अलावा विश्व कुश्ती चैंपियनशिप और राष्ट्रमंडल प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। दंगल फिल्म के माध्यम से फोगाट परिवार की संघर्ष गाथा देशभर में प्रेरणा का स्रोत बनी। बबीता फोगाट आज भी युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत मानी जाती हैं।
फिट इंडिया अभियान के सक्रिय चेहरा हैं दीपक मिश्रा
फिट इंडिया एंबेसडर दीपक मिश्रा लगातार देशभर में फिटनेस जागरूकता अभियानों से जुड़े रहे हैं। युवाओं को नशामुक्ति, खेलों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए वे विभिन्न राज्यों में साइक्लिंग, रनिंग और फिटनेस कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनका मानना है कि स्वस्थ भारत ही विकसित भारत की नींव है।
2030 कॉमनवेल्थ गेम्स को लेकर देशभर में जागरूकता अभियान
भारत सरकार और खेल मंत्रालय वर्ष 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। यदि भारत को मेजबानी मिलती है तो यह देश के खेल इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि होगी। इसी उद्देश्य से फिट इंडिया मूवमेंट, खेलो इंडिया और विभिन्न खेल संस्थानों के माध्यम से देशभर में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के जरिए युवाओं को खेलों से जोड़ने, फिटनेस संस्कृति विकसित करने और भारत को वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने का संदेश दिया जा रहा है। ‘संडेज ऑन साइकिल’ जैसे आयोजन इसी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माने जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

