धर्मशाला महाविद्यालय के शताब्दी समारोह का शुभारंभ, बाली ने किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
धर्मशाला महाविद्यालय के शताब्दी समारोह का शुभारंभ, बाली ने किया उद्घाटन


धर्मशाला महाविद्यालय के शताब्दी समारोह का शुभारंभ, बाली ने किया उद्घाटन


धर्मशाला, 13 नवंबर (हि.स.)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला के गौरवशाली 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन धर्मशाला द्वारा आयोजित चार दिवसीय शताब्दी समारोह का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। 13 से 16 नवम्बर तक आयोजित किए जा रहे इस समारोह का शुभारंभ नगरोटा बगवां के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने किया। मुख्य वन संरक्षक वासु कौशल ने समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। उल्लेखनीय है कि वासु कौशल भी इसी महाविद्यालय की पूर्व छात्रा रही हैं।

इस अवसर पर आरएस बाली ने महाविद्यालय के गौरवशाली शताब्दी वर्ष के अवसर पर ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन तथा समस्त पूर्व विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला प्रदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। इस संस्थान से शिक्षा ग्रहण कर निकले विद्यार्थियों ने प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, मेहनत और उत्कृष्ट सेवाओं से महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा, शिक्षा, प्रशासन और सैन्य सेवाओं सहित अनेक क्षेत्रों में महाविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियां वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। आरएस बाली ने वर्ष 1990 में स्थापित ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन धर्मशाला की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि एसोसिएशन ने पूर्व विद्यार्थियों को संस्थान से जोड़े रखने के साथ-साथ अकादमिक पुरस्कार समारोह, रक्तदान शिविर, वार्षिक सम्मेलन तथा विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से सराहनीय योगदान दिया है।

उन्होंने समारोह में शामिल हुए 80 वर्ष से अधिक आयु के वयोवृद्ध पूर्व विद्यार्थियों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन वरिष्ठ पूर्व विद्यार्थियों की उपस्थिति समारोह को और अधिक गरिमामय बना रही है। उनका अपने पुराने संस्थान के प्रति लगाव और युवा पीढ़ी को प्रोत्साहित करने के लिए यहां पहुंचना प्रेरणादायक है।

इस अवसर पर आरएस बाली ने महाविद्यालय के ऑडिटोरियम परिसर में स्थित ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन के कार्यालय में विभिन्न सुविधाओं के सृजन के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि यह राशि दो दिनों के भीतर जारी कर दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776417 Articles

Share this story