नकली और घटिया दवाइयां बनाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : सुक्खू

WhatsApp Channel Join Now
नकली और घटिया दवाइयां बनाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : सुक्खू


नकली और घटिया दवाइयां बनाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : सुक्खू


धर्मशाला, 19 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में नकली और घटिया दवाइयों के निर्माण एवं आपूर्ति पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इस संबंध में प्रदेश सरकार ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। केंद्र स्तर पर भी संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।

सुक्खू ने बताया कि दवाइयों की खरीद में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 500 करोड़ रुपये से अधिक वार्षिक कारोबार वाली कंपनियों की शर्त रखी गई थी, लेकिन छोटे दवा आपूर्तिकर्ताओं के हाईकोर्ट जाने के बाद अदालत ने इस शर्त पर रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि दवाइयों की गुणवत्ता का सीधा संबंध लोगों के स्वास्थ्य से है और सरकार इस मामले में कोई समझौता नहीं करेगी।

इससे पहले, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर बुधवार को विधानसभा परिसर धर्मशाला में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, विधानसभा अध्यक्ष सहित अन्य गणमान्य लोगों ने इंदिरा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए इंदिरा गांधी ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। देश के निर्माण में उनके ऐतिहासिक फैसलों और योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

मंडी के लडभड़ोल में हुए कार हादसे पर जताया शोक

वहीं, मुख्यमंत्री ने मंडी जिला के लडभड़ोल में बीते दिन हुए कार हादसे में मारे गए छह युवकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि बच्चे को खोने का दुख माता-पिता के लिए असहनीय होता है। इस दुख की घड़ी में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और नियमों के अनुसार हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779579 Articles

Share this story