बड़ा भंगाल दौरे के लिए धर्मशाला पंहुचे मुख्यमंत्री, गर्मजोशी से हुआ स्वागत
धर्मशाला, 26 जून (हि.स.)। कांगड़ा जिला के कबायली क्षेत्र बड़ा भंगाल के शनिवार को प्रस्तावित दौरे से पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू आज शाम धर्मशाला पहुंच गए। मुख्यमंत्री के धर्मशाला पंहुचने पर उनका प्रशासनिक अधिकारियों सहित कांग्रेस नेताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान एपीएमसी कांगड़ा के अध्यक्ष निशु मोंगरा, कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा और अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शनिवार को कांगड़ा जिले के दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री बड़ा भंगाल में बीते समय में भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर नुकसान का जायजा लेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री यहां लोगों की समस्याओं का समाधान भी करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री यहां बने माइक्रो बिजली परियोजना का भी दौरा करेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री शनिवार रात को बड़ा भंगाल स्थित वन विश्राम गृह में रुकेंगे। उसके अगले दिन 28 जून को मुख्यमंत्री सुबह बड़ा भंगाल से गगल एयरपोर्ट पंहुचेंगे तथा उसके बाद शिमला लौटेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

