अपडेट : बोह घाटी त्रासदी में तीन महिलाएं घायल, डेढ़ दर्जन मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त
धर्मशाला, 21 जुलाई (हि.स.)।कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित बोह घाटी में मंगलवार को बादल फटने से भारी तबाही हुई है। इस घटना में तीन महिलाएं घायल हुए हैं जबकि निजी संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है। बोह घाटी के स्पैड़ा और गढ़गून गांवों में अचानक आई बाढ़ और मलबे की चपेट में आने से डेढ़ दर्जन मकान और 9 गौशालाएं पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस घटना में 13 पक्के मकान जबकि 5 कच्चे मकान शामिल हैं। इसके अलावा 8 मवेशी भी मलबे में दब गए हैं जिनमें 2 भैंस, 4 गाय, एक बैल और एक भेड़ शामिल हैं। हालांकि गनीमत यह रही कि किसी तरह का कोई जानी नुकसान नही हुआ है।
उधर घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए रवाना हो गईं हैं जो राहत कार्य मे जुटी हुई हैं।
उपायुक्त कांगड़ा हेम राज बैरवा ने बताया कि इस घटना में हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार की गई है जिसमें फिलहाल डेढ़ दर्जन मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके अलावा 8 मवेशी भी भारी मलबे में बह गए हैं। घटना में तीन महिलाओं को चोटें आई हैं जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घटना दिन में होने के चलते कोई जानी नुकसान नही हुआ है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों सहित स्थानीय लोग राहत कार्य में जुटे हैं। प्रभावितों को हर सम्भव सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

