सीएचएसएफ ने धर्मशाला में सेवा मानकों को मजबूत करने के लिए 55 हॉस्पिटैलिटी कर्मचारियों को किया प्रशिक्षित

WhatsApp Channel Join Now
सीएचएसएफ ने धर्मशाला में सेवा मानकों को मजबूत करने के लिए 55 हॉस्पिटैलिटी कर्मचारियों को किया प्रशिक्षित


धर्मशाला, 15 अक्टूबर (हि.स.)। सेंटर फॉर हिमालयन एंड सस्टेनेबल डेवलपमेंट फाउंडेशन (सीएचएसएफ) ने वीरवार को धर्मशाला के फॉर्च्यून पार्क मोक्ष में आयोजित 'हॉस्पिटैलिटी एक्सीलेंस ट्रेनिंग प्रोग्राम' के दौरान 55 होटल कर्मचारियों को अतिथि सेवा, पेशेवर आचरण और संचालन के सर्वोत्तम तरीकों का प्रशिक्षण दिया। इस पहल का उद्देश्य पूरे हिमाचल प्रदेश में हॉस्पिटैलिटी मानकों को मजबूत करना और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाना है। इस कार्यक्रम में हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के 55 होटल कर्मचारियों ने भाग लिया।

धर्मशाला के जिला पर्यटन विकास अधिकारी, विनय धीमान ने इस कार्यक्रम की अध्यक्षता की। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कौशल विकास, परिचालन दक्षता, अतिथि संतुष्टि, बुनियादी शिष्टाचार, व्यक्तिगत ग्रूमिंग और स्वच्छता पर केंद्रित था। प्रतिभागियों को विनम्र व्यवहार, प्रभावी संचार, पेशेवर आचरण और साफ-सफाई बनाए रखने के महत्व के बारे में बताया गया, ताकि मेहमानों को एक सुखद अनुभव मिल सके।

प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि प्रशिक्षित हॉस्पिटैलिटी पेशेवर सेवा की गुणवत्ता बढ़ाने और हिमाचल प्रदेश को एक पसंदीदा पर्यटन स्थल के रूप में और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीइओ) अश्वनी बंबा ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम अलग-अलग स्थानों पर लगातार आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में होटल के विभिन्न स्तरों के कर्मचारियों और प्रबंधन को शामिल किया जाएगा और इनमें होटल संचालन तथा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन पहलों का उद्देश्य पूरे क्षेत्र में पेशेवर दक्षता को बढ़ावा देना और हॉस्पिटैलिटी मानकों में सुधार करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761595 Articles

Share this story