क्रिसमस और नव वर्ष के स्वागत के लिए कांगड़ा घाटी में उमड़ा पर्यटकों का हुजूम
धर्मशाला, 25 दिसंबर (हि.स.)।क्रिसमस और नव वर्ष के स्वागत के लिए कांगड़ा घाटी में पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा है। कांगड़ा घाटी के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की बढ़ती संख्या ने स्थानीय प्रशासन और व्यापारियों के चेहरे पर रौनक ला दी है। क्रिसमस के मौके पर धर्मशाला और आसपास के इलाकों में लोगों की आमद इतनी अधिक रही कि प्रमुख सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। इस भारी भीड़ को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि दिसंबर का अंतिम सप्ताह पर्यटन कारोबार के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगा।
पर्यटन नगरी धर्मशाला, मैक्लोडगंज और पैराग्लाइडिंग के लिए मशहूर बीड़-बिलिंग के साथ-साथ डलहौजी जैसे क्षेत्रों में स्थिति 'जैम-पैक' बनी हुई है। होटलों और होमस्टे में बुकिंग लगभग पूरी हो चुकी है, जिससे होटल कारोबारियों, रेस्टोरेंट मालिकों और छोटे दुकानदारों को अच्छी कमाई की उम्मीद है। इसके अलावा, ट्रैकिंग एजेंसियों के पास भी नए साल के लिए एडवांस बुकिंग की लंबी फेहरिस्त तैयार है।
इस बार कांगड़ा घाटी में पर्यटकों के अनुभव को और खास बनाने के लिए 'कांगड़ा कार्निवल' का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्निवल न केवल स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देगा, बल्कि पर्यटकों को विभिन्न साहसिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें घाटी में लंबे समय तक रुकने के लिए प्रेरित करेगा।
माना जा रहा है कि कार्निवल के चलते इस साल पर्यटन उद्योग पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ सकता है।
कुल मिलाकर कांगड़ा घाटी में इस समय उत्सव जैसा माहौल है। सैलानियों के इस भारी उत्साह ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा दी है और पर्यटन से जुड़े तमाम लोग इस साल के अंत को एक बड़े मुनाफे के रूप में देख रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

