बिना वीजा गिरफ्तार चीनी नागरिक को वीरवार को दोबारा कोर्ट में किया जाएगा पेश
धर्मशाला, 04 फ़रवरी (हि.स.)।
पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में बिना वैध भारतीय वीजा के गिरफ्तार चीनी नागरिक को वीरवार को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। जबकि इस मामले में पुलिस द्वारा उक्त व्यक्ति से बरामद एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन व एक टैबलेट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बीते सोमवार को धर्मशाला स्थित एस.पी. कार्यालय में चीनी व्यक्ति लू वेननियन पहुंचा था। चीनी भाषा में बात करने व हिंदी न समझ पाने के बाद इस बारे में मैक्लोडगंज थाना पुलिस को सूचित किया गया था। इसके बाद प्रारंभिक तौर पर चीनी नागरिक कोई वैध दस्तावेज नहीं बता पाया था जबकि पुलिस द्वारा संबंधित व्यक्ति से पूछताछ के दौरान उक्त व्यक्ति ने अपना पासपोर्ट प्रस्तुत कर अपने बारे में बताया था। इसके बाद यह पता चला था कि वह बिना भारतीय वीजा 130 दिनों से भारत में यहां ठहरा हुआ है। इसके बाद पुलिस द्वारा यह कृत्य विदेशी अधिनियम, 1946 की धारा 14 के अंतर्गत दंडनीय अपराध मानते हुए चीनी नागरिक पर मामला दर्ज किया है। जबकि पुलिस द्वारा उपरोक्त व्यक्ति को बीते मंगलवार को धर्मशाला कोर्ट में पेश किया गया था। जहां से उसे तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला था। जबकि अब कल वीरवार को फिर उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
उधर, ए.एस.पी. कांगड़ा बीर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। जबकि कोर्ट द्वारा चीनी नागरिक काे दिए गए पुलिस रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद अब उसे पुन: कोर्ट में पेश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

