जिला कांगड़ा में हड़ताल पर रहे केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स, बंद रही दवाइयों की दुकानें

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 20 मई (हि.स.)। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (एआईओसीडी) के आह्वान पर बुधवार को देशभर के केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स हड़ताल पर रहे। अवैध एवं अनियंत्रित ऑनलाइन दवा बिक्री तथा जन स्वास्थ्य एवं लाखों छोटे केमिस्ट्स के अस्तित्व से जुड़े गंभीर मुद्दों के विरोध में यह राष्ट्रव्यापी एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की गई। इस दौरान कांगड़ा जिले के सभी केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स ने अपने प्रतिष्ठान पूर्णत: बंद रखकर आंदोलन का समर्थन किया और प्रधानमंत्री को मांगों के संबंध में ज्ञापन भी भेजे गए।

केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स के सचिव राजेश शर्मा ने बताया कि हड़ताल के माध्यम से दवाओं की अवैध एवं अनियमित ऑनलाइन बिक्री, बिना वैध एवं सत्यापित चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की बिक्री एवं होम डिलीवरी, ऑनलाइन दवा प्लेटफॉर्म द्वारा अत्यधिक छूट की अनुचित नीति का विरोध किया गया, जिससे छोटे एवं लाइसेंस धारी केमिस्ट्स गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दवाएं सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं हैं तथा उचित सत्यापन के बिना उनकी अनियंत्रित ऑनलाइन बिक्री जन स्वास्थ्य, मरीजों की सुरक्षा एवं ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के अंतर्गत स्थापित नियामकीय व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर रही है।

उन्होंने केमिस्ट समुदाय की ओर से केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि मरीजों की सुरक्षा, जन स्वास्थ्य एवं लाखों छोटे लाइसेंसधारी केमिस्ट्स एवं उनके कर्मचारियों के हितों की रक्षा हेतु तत्काल प्रभावी एवं सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उधर दुकानें बंद रहने के कारण लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। हालांकि इस दौरान अस्पताल परिसर में सरकारी दवा की दुकानें खुली रहीं। जिससे मरीजों के तीमारदारों को बड़ी राहत मिली।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story