बैजनाथ की ग्राम पंचायत चौगान को पर्यावरण नेतृत्व पुरस्कार में दूसरा स्थान

WhatsApp Channel Join Now
बैजनाथ की ग्राम पंचायत चौगान को पर्यावरण नेतृत्व पुरस्कार में दूसरा स्थान


धर्मशाला, 09 जून (हि.स.)। कांगड़ा जिला की ग्राम पंचायत चौगान ने हिमाचल प्रदेश राज्य वार्षिक पर्यावरण नेतृत्व पुरस्कार 2025-26 में पंचायत श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। यह पुरस्कार बीते 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शिमला के रिज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रदान किया गया। इस पुरस्कार के लिए सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया गया, जिसमें उनके कार्यों और उपलब्धियों को परखा गया।

जिला कांगड़ा के बैजनाथ ब्लॉक में स्थित ग्राम पंचायत चौगान ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए इस पुरस्कार हेतु आवेदन किया था। पंचायत का यह काम मुख्य रूप से वेस्ट वारियर्स सोसायटी की मदद से संभव हो सका, जो पिछले 4 वर्षों से पंचायत और एक स्थानीय उद्यमी के साथ मिलकर कचरा संग्रहण का कार्य कर रही है।

संस्था की प्रतिनिधि दिया बत्रा ने बताया कि चौगान पंचायत में स्थानीय निवासी, तिब्बती, दीर्घकालिक निवासी और व्यावसायिक प्रतिष्ठान सभी शामिल हैं। हर महीने 4.34 मीट्रिक टन सूखा कचरा एकत्र किया जाता है। अप्रैल 2025 से अप्रैल 2026 के बीच कुल 52.6 मीट्रिक टन सूखा कचरा एकत्र कर आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा गया। उधर पंचायत प्रधान निगेश ठाकुर ने बताया कि पुरस्कार चौगान के हर निवासी के लिए गर्व की बात है। हमें उम्मीद है कि इस उपलब्धि से हमारा समुदाय और अधिक उत्साह के साथ कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण में भाग लेगा, ताकि हम मिलकर चौगान को पूरे राज्य के लिए एक आदर्श पंचायत बना सकें।

इस सम्मान के साथ, हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम पंचायत चौगान को 25 हजार की पुरस्कार राशि प्रदान की गई है। यह उपलब्धि पूरे समुदाय की जागरुकता, भागीदारी और अटूट सहयोग का परिणाम है। गौरतलब है कि यह पंचायत पैराग्लाइडिंग लैंडिंग साइट बीड़-चौगान का क्षेत्र है जहां बड़ी संख्या में पर्यटक पंहुचते हैं।

वहीं धर्मशाला की शीला बटेहर ग्राम पंचायत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और 50 हजार की पुरस्कार राशि जीती।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story