केंद्रीय विश्वविद्यालय का 10वां दीक्षांत समारोह, चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया होंगे मुख्यअतिथि

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 21 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय का दसवां दीक्षांत समारोह कल रविवार को आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा शिक्षा मंत्री भारत सरकार, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री तथा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने भी कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है।

702 विद्यार्थियों को दी जाएगी डिग्री

कुलपति ने बताया कि दीक्षांत समारोह में वर्ष 2024 तक के पात्र विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएचडी और डिप्लोमा के विद्यार्थी शामिल हैं। विश्वविद्यालय की ओर से कुल 702 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करने की जानकारी दी गई है। इनमें 584 स्नातकोत्तर वर्ग में 288छात्राएं और 296 छात्र जबकि 29 स्नातक वर्ग के विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जनवरी 2024 से दिसंबर 2024 के बीच पीएचडी पूरी करने वाले 48 शोधार्थियों को भी उपाधियां प्रदान की जाएंगी।

32 छात्रों को मिलेंगे गोल्ड मेडल

समारोह में कुल 32 गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे। इनमें 23 छात्राएं और 9 छात्र शामिल हैं। कुलपति प्रो. बंसल ने कहा कि विश्वविद्यालय के अधिकांश विभागों में छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉप स्थान हासिल किया है। यह गर्व की बात है कि बेटियां शिक्षा और अकादमिक उपलब्धियों के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही हैं।

दीक्षांत समारोह का किया गया पूर्वाभ्यास

वहीं मुख्य समारोह से एक दिन पूर्व शनिवार को विद्यार्थियों का पूर्वाभ्यास करवाया गया। इसके लिए विश्वविद्यालय का ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल शुरू कर दिया गया है।

विद्यार्थियों के लिए निर्धारित रहेगा ड्रेस कोड

दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए ड्रेस कोड पहले की तरह निर्धारित रहेगा। छात्राओं को सुनहरे बॉर्डर वाली सफेद सलवार-कमीज अथवा साड़ी के साथ काले जूते या सैंडल पहनने होंगे। वहीं छात्रों के लिए पूरी आस्तीन का सफेद कुर्ता-पायजामा और काले जूते निर्धारित किए गए हैं। पारंपरिक पगड़ी पहनने वाले विद्यार्थियों के लिए भी निर्धारित रंगों का पालन करना होगा।

उधर कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय के लिए यह गौरव का विषय है कि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, दलाई लामा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और देश के उपराष्ट्रपति सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां पहले भी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोहों का हिस्सा रह चुकी हैं। अब भारत के मुख्य न्यायाधीश की उपस्थिति दसवें दीक्षांत समारोह को और विशेष बनाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781028 Articles

Share this story