शुद्ध मतदाता सूची ही पारदर्शी चुनाव का आधार : ज्ञानेश कुमार

WhatsApp Channel Join Now
शुद्ध मतदाता सूची ही पारदर्शी चुनाव का आधार : ज्ञानेश कुमार


धर्मशाला, 05 जून (हि.स.)। देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची ही पारदर्शी चुनाव का आधार है। शुद्ध मतदाता सूची में अनुपस्थित, डुप्लिकेट, मृत व विदेशी मतदाता का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। साथ ही साथ भारत के वह नागरिक जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं और मतदान केंद्र के आसपास रहते हैं, उनका नाम सूची में अवश्य होना चाहिए।

शुक्रवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए मुख्य आयुक्त ने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता छूटना नहीं चाहिए, साथ ही अपात्र लोगों के लिए चुनावी सूची में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने देश व हिमाचल प्रदेश के सभी मतदाताओं को आभार जताते हुए कहा कि जब भी चुनाव हो वह अपना वोट डालने जरूर जाएं। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में चुनाव का पर्व हम सबके लिए गर्व का विषय है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि वह वीरभूमि कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश में चुनाव आयोग के रिव्यू के लिए विशेष रूप से पहुंचे हैं। हिमाचल चुनाव आयोग, राज्य चुनाव आयोग के आयुक्त, बूथ लेवल के चुनाव अधिकारियों के साथ भी संवाद करने का मौका मिल रहा है। साथ ही देवभूमि हिमाचल प्रदेश जिला कांगड़ा व धर्मशाला के विभिन्न प्रमुख स्थलों में भ्रमण करने का भी मौका मिल रहा है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने मतदाता जागरूकता साइकिल रैली को दिखाई हरी झंडी

भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अपने धर्मशाला दौरे के दौरान एचपीसीए स्टेडियम से युवा मतदाता जागरूकता साइकिल रैली पेडल फाॅर डेमोक्रेसी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से युवाओं को मतदाता पंजीकरण, मतदान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने, मतदान के अधिकार का प्रयोग करने तथा अन्य नागरिकों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

रैली में युवाओं, विद्यार्थियों, खेल प्रेमियों तथा एसएसबी सपडी के जवानों ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story