सीबीएसई सब-कैडर परीक्षा परिणाम का रास्ता साफ, हाईकोर्ट की हरी झंडी के बाद बोर्ड ने पूरी की औपचारिकताएं

WhatsApp Channel Join Now
सीबीएसई सब-कैडर परीक्षा परिणाम का रास्ता साफ, हाईकोर्ट की हरी झंडी के बाद बोर्ड ने पूरी की औपचारिकताएं


धर्मशाला, 29 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के हजारों अभ्यर्थियों के लिए राहत की बड़ी खबर है। सीबीएसई सब-कैडर परीक्षा के परिणाम घोषित करने पर लगी रोक अब हट गई है। माननीय उच्च न्यायालय द्वारा बुधवार को दिए गए महत्वपूर्ण निर्देशों के बाद अब इस परीक्षा का परिणाम जारी करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने इस संबंध में अपनी ओर से सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बुधवार को धर्मशाला में एक प्रेस वार्ता के दौरान इस घटनाक्रम की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि बोर्ड द्वारा बीते 22 मार्च 2026 को सीबीएसई सब-कैडर परीक्षा का सफल आयोजन किया गया था। हालांकि, कुछ कानूनी पेचीदगियों के चलते माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत इसके परिणाम को रोक कर रखा गया था।

डॉ. शर्मा ने कहा कि 29 अप्रैल 2026 यानि बुधवार को न्यायालय ने हिमाचल प्रदेश सरकार और अन्य संबंधित पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद परिणाम घोषित करने की अनुमति प्रदान कर दी है। इस फैसले के बाद बोर्ड प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। उन्होंने कहा कि बोर्ड ने परिणाम की सभी प्रक्रियाएं समय रहते पूरी कर ली थीं। उच्च न्यायालय के आज के फैसले के साथ ही हमने फाइल आगामी कार्यवाही के लिए विभाग को सौंप दी है।

बोर्ड अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि परिणाम से संबंधित जितनी भी विभागीय और तकनीकी औपचारिकताएं थीं, उन्हें बोर्ड द्वारा पहले ही पूर्ण कर लिया गया था। न्यायालय से अनुमति मिलते ही बोर्ड ने अब अंतिम परिणाम को आगामी आवश्यक कार्यवाही के लिए संबंधित विभाग को प्रेषित कर दिया है।

उन्होंने कहा कि परीक्षा परिणाम पर लगी रोक हटने की खबर मिलते ही परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि संबंधित विभाग द्वारा बहुत जल्द आधिकारिक तौर पर मैरिट सूची और व्यक्तिगत परिणाम सार्वजनिक कर दिए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story