कांगड़ा वैली कार्निवाल : अंतिम संध्या पर गैरी संधू होंगे विशेष आकर्षण, कांगड़ी एवं गदयाली संस्कृति की मिलेगी झलक

WhatsApp Channel Join Now


धर्मशाला, 30 दिसंबर (हि.स.)। कांगड़ा वैली कार्निवाल-2025 के आठवें एवं अंतिम दिन बुधवार को स्थानीय लोक-संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित लोकल कांगड़ी एवं गदयाली नाइट का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही पंजाबी गायक गैरी संधू विशेष आकर्षण रहेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से कांगड़ा घाटी की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को मंच प्रदान किया जाएगा। कार्निवाल की अंतिम संध्या में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनकी उपस्थिति में कार्निवाल के आठ दिवसीय आयोजन का भव्य समापन होगा।

कार्यक्रम के दौरान कांगड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों की पारंपरिक लोकनृत्य एवं लोकगीत प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें कांगड़ी और गदयाली संस्कृति की विशिष्ट झलक देखने को मिलेगी। पारंपरिक वेशभूषा, लोकधुनों और रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से स्थानीय कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, जिससे दर्शकों को हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत को नजदीक से देखने और अनुभव करने का अवसर मिलेगा।

उपायुक्त ने बताया कि पंजाबी गायक गैरी संधू इस आठवीं संध्या पर विशेष आकर्षण होंगे। इसके अलावा ईशांत भारद्वाज, निशा पंडित और संजीव दीक्षित अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण मिस एवं मिसेज कांगड़ा वैली कार्निवाल प्रतियोगिता फाइनल भी रहेगा, जिसमें प्रतिभागी आत्मविश्वास, संस्कृति और व्यक्तित्व का सुंदर संगम प्रस्तुत करेंगी।

एक हजार से अधिक महिलाएं एक साथ डालेंगी नाटी

इस अवसर पर विशाल नाटी का विशेष आयोजन किया जाएगा, जिसमें एक हजार से अधिक महिलाएं एक साथ नाटी नृत्य प्रस्तुत करेंगी। यह भव्य नाटी कांगड़ा घाटी की लोक संस्कृति, सामूहिक सहभागिता और महिला सशक्तिकरण का सशक्त प्रतीक होगी तथा कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बनेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story