कांगड़ा कार्निवाल की पांचवीं संध्या पर पहाड़ी स्टार नाइट व ड्रोन शो होंगे मुख्य आकर्षण
धर्मशाला, 27 दिसंबर (हि.स.)। कांगड़ा वैली कार्निवाल 2025 की रविवार को पांचवीं संध्या पर पहाड़ी स्टार नाईट व ड्रोन शो मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इस अवसर पर उप मुख्य सचेतक, हिमाचल प्रदेश सरकार केवल सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
पांचवीं संध्या को पहाड़ी स्टार नाइट के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें हिमाचल की समृद्ध लोक-संस्कृति, संगीत और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी। विशेष प्रस्तुतियों में नाटी किंग कुलदीप शर्मा, राज जैरी, पूनम भारद्वाज, रमेश्वर शर्मा, सुनील मस्ती तथा अनिता ठाकुर (चंबा डांस ग्रुप) द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
साईकल राइड का भी होगा आयोजन
उपायुक्त कांगड़ा ने बताया कि इसके अतिरिक्त, कार्निवाल के अंतर्गत दिन में धर्मशाला साइकिल राइड का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करना तथा चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि साइकिल राइड में देश-विदेश के लगभग 200 राइडर्स भाग लेंगे, सुबह 7 बजे एथलेटिक मैदान से साइकिल राईड को फ्लैग ऑफ किया जायेगा। इसके अलावा क्रिकेट मैच सहित अन्य खेल गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
उपायुक्त ने बताया कि रात्रि 9ः30 बजे भव्य ड्रोन शो का आयोजन भी किया जाएगा, जो आधुनिक तकनीक और रोशनी के अद्भुत संगम के माध्यम से दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
उन्होंने जिला वासियों एवं पर्यटकों से अपील की कि वे अधिक संख्या में उपस्थित होकर कांगड़ा वैली कार्निवाल 2025 की पांचवीं संध्या के कार्यक्रमों का आनंद लेक सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

