कांगड़ी एवं गदयाली नाइट के साथ कांगड़ा वैली कार्निवाल–2025 का समापन
धर्मशाला, 01 जनवरी (हि.स.)। कांगड़ा वैली कार्निवाल–2025 के आठवें एवं अंतिम नाईट बुधवार को स्थानीय लोक-संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित ‘लोकल कांगड़ी एवं गड्याली नाइट’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांगड़ा घाटी की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को सशक्त मंच मिला और आठ दिवसीय कार्निवाल का उल्लासपूर्ण समापन हुआ।
इस समापन संध्या में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनकी गरिमामयी उपस्थिति में कार्निवाल के समग्र आयोजन की सफलताओं को नई ऊँचाइयाँ मिलीं।
कुलदीप पठानिया ने कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवाल जैसे आयोजन हिमाचल की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि कांगड़ा कार्निवाल ने स्थानीय संस्कृति, पर्यटन और सामाजिक समरसता को नई पहचान दी है, और भविष्य में यह आयोजन और भी भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य को पर्यटन के क्षेत्र में और अधिक आगे बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष प्रयास किए हैं, ताकि देश-विदेश से अधिक से अधिक पर्यटक हिमाचल प्रदेश की ओर आकर्षित हों। इसी दृष्टि से पिछले वर्ष से कई नई पहलों की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के दौरान कांगड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों की पारंपरिक लोकनृत्य एवं लोकगीत प्रस्तुत किए गए। कांगड़ी और गदयाली संस्कृति की विशिष्ट झलक पारंपरिक वेशभूषा, लोकधुनों और रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से देखने को मिली। स्थानीय कलाकारों ने अपनी कला से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया और हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
इसके साथ ही ईशांत भारद्वाज, निशा पंडित और संजीव दीक्षित, हिमांशी और निकेश बड़जात्या ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत मिस एवं मिसेज कांगड़ा वैली कार्निवाल प्रतियोगिता का फाइनल भी आयोजित किया गया, जिसने विशेष आकर्षण जोड़ा।
क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित
इससे पूर्व उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कार्निवाल के दौरान आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए। एसआर-11 को पहले पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, टीएमसी वीरता को दूसरे स्थान पर रहने पर 75 हजार रुपये, तीसरे स्थान पर रहने वाले 9 वारियर्स को 50 हजार रुपये तथा चौथे स्थान पर रहने वाले बैंकर्स 11 को 25 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

