हिमाचल को कंगाली की ओर धकेल रही सरकार, कैग रिपोर्ट में हुआ खुलासा : संजय शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल को कंगाली की ओर धकेल रही सरकार, कैग रिपोर्ट में हुआ खुलासा : संजय शर्मा


धर्मशाला, 05 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने कैग (सीएजी) की ताजा रिपोर्ट का हवाला देते हुए प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कैग की रिपोर्ट ने राज्य की खस्ताहाल वित्तीय स्थिति, बढ़ते कर्ज के बोझ और सरकारी खरीद व जीएसटी में हुई करोड़ों रुपये की धांधली को उजागर कर दिया है।

शनिवार को जारी एक प्रेस बयान में संजय शर्मा ने कैग रिपोर्ट के मुख्य बिंदुओं को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य की कुल राजस्व प्राप्तियों का 86 फीसदी हिस्सा केवल वेतन, पेंशन और सब्सिडी में खर्च हो रहा है। इसके कारण प्रदेश में विकास कार्यों और बुनियादी ढांचे के लिए बजट पूरी तरह खत्म हो चुका है।

प्रदेश का राजस्व घाटा 6,804 करोड़ रुपये और राजकोषीय घाटा 12,611 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो 'वित्तीय उत्तरदायित्व एवं बजट प्रबंधन' कानून की सीमाओं का उल्लंघन है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि वर्ष 2024-25 में सरकार ने 26,622 करोड़ रुपये का नया कर्ज लिया, जिसमें से 18,169 करोड़ रुपये पुराने कर्ज का मूलधन चुकाने में ही खर्च हो गए। यह सरकार की आर्थिक विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जीएसटी जांच में 121 करोड़ रुपये का कारोबार छिपाने का संकेत मिला है, जिससे लगभग 21.84 करोड़ रुपये की जीएसटी देनदारी बन सकती थी। इसके अलावा ई-वे बिल की खामियों से 14.43 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है। प्रदेश के 30 में से 14 सार्वजनिक उपक्रमों का संचित घाटा 4,985 करोड़ रुपये हो चुका है, जबकि कई उपक्रमों की नेटवर्थ पूरी तरह खत्म हो चुकी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि तंबाकू उत्पादों से वसूले गए 5.57 करोड़ रुपये का जुर्माना सरकारी खाते में जमा ही नहीं कराया गया। इसके अलावा पशु अस्पतालों में एक्सपायरी दवाइयों के इस्तेमाल और मनरेगा में बिना हस्ताक्षर भुगतान जैसे गंभीर मामले भी सामने आए हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कैग की यह रिपोर्ट कांग्रेस सरकार की वित्तीय नाकामी और प्रशासनिक लापरवाही का स्पष्ट दस्तावेज है। उन्होंने मांग की है कि राज्य सरकार कैग द्वारा दिए गए सुझावों पर तुरंत अमल करे। नए उधार लेने पर रोक लगाए और राजस्व लीकेज व धांधली में शामिल दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story