करेरी के लिए बस सेवा शुरू करने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने जताया विधायक का आभार

WhatsApp Channel Join Now
करेरी के लिए बस सेवा शुरू करने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने जताया विधायक का आभार


धर्मशाला, 10 सितंबर (हि.स.)। शाहपुर विधानसभा के करेरी क्षेत्र के लोगों के लिए 79 वर्षों बाद बस सेवा शुरू होने पर वीरवार को रैत स्थित कांग्रेस कार्यालय में लोगों ने उपमुख्य सचेतक एवं स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पंचायत खड़ी बही की प्रधान रानी देवी, उपप्रधान हेमराज, पंचायत सदस्यों एवं अन्य क्षेत्रवासियों ने शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र में बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया गया है और आगे भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

पंचायत प्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने बस सेवा शुरू करवाने के लिए विधायक केवल सिंह पठानिया का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, आरटीओ विकास जम्वाल, डीएम एचआरटीसी पंकज चड्ढा सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story