सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए बीपीएल परिवारों का बनेगा व्हाट्सएप ग्रुप : केवल सिंह पठानिया
धर्मशाला, 19 अगस्त (हि.स.)। कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकंडी क्षेत्र की पंचायतों के बीपीएल सर्वे में चिह्नित 715 परिवारों के सदस्यों के साथ मंगलवार को रिडकमार में विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने संवाद किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि बीपीएल परिवारों का एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया जाएगा, जिसमें प्रदेश सरकार की इन परिवारों से संबंधित सभी कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी साझा की जाएगी। इससे पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं की जानकारी मिलेगी और वे उनका लाभ उठा सकेंगे।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से भी आह्वान किया कि वे अपने-अपने वार्डों में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें, ताकि योजनाओं का लाभ सही मायनों में पात्र लोगों तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि बीपीएल परिवारों के लिए आने वाले समय में मुख्यमंत्री द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे, जिससे इन परिवारों को अपने परिवार का बेहतर ढंग से पालन-पोषण करने में सहायता मिलेगी।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आपदा राहत में ऐतिहासिक वृद्धि की है। अब आपदा के दौरान पूर्णतया क्षतिग्रस्त मकान के मालिक को 7.50 लाख रुपये तथा घर के सामान के लिए 1 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर विधायक ने गत दिनों बोह में आई आपदा के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर ने कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम पूरे विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किए जा रहे हैं। अधिकांश पंचायतों के चिह्नित बीपीएल परिवारों से संवाद किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्रों को विधायक के माध्यम से प्रदेश सरकार तक भेजा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

