बोर्ड परीक्षाओं पर उड़नदस्तों का पहरा, मंडी में दो छात्र नकल करते धरे

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 03 मार्च (हि.स.)।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित दसवीं और बारहवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं का आगाज़ प्रदेश भर में मंगलवार को कड़े पहरे के बीच हुआ। परीक्षा के पहले दिन जहाँ अधिकांश केंद्रों पर प्रक्रिया पूरी तरह सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण रही, वहीं बोर्ड के सतर्क उड़नेदस्तों ने नकलचियों पर शिकंजा कसना भी शुरू कर दिया है। बोर्ड की निष्पक्षता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए गठित विशेष निरीक्षण दलों ने विभिन्न जिलों में औचक दबिश दी, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले छात्रों पर गाज गिरी है।

निरीक्षण रिपोर्ट के मुताबिक जिला मंडी में परीक्षा के दौरान दो विद्यार्थियों को अनुचित साधनों (नकल) का प्रयोग करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। बोर्ड प्रशासन ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित छात्रों के खिलाफ नियमानुसार यूएमसी दर्ज कर लिया है। बोर्ड की इस त्वरित कार्रवाई ने अन्य केंद्रों पर भी अनुचित गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले तत्वों को कड़ा संदेश दिया है।

बोर्ड अध्यक्ष राजेश शर्मा ने परीक्षाओं के सफल संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि परीक्षाओं की पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बोर्ड 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रहा है और किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अध्यक्ष ने विद्यार्थियों से अपनी मेहनत पर विश्वास रखने की अपील की है, साथ ही अभिभावकों और शिक्षकों से भी इस शैक्षिक महाकुंभ को सफल बनाने में सहयोग मांगा है। आने वाले दिनों में भी बोर्ड के उड़नदस्ते इसी तरह सक्रिय रहेंगे ताकि पूरी परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story