10वीं और जमा दो की बोर्ड परीक्षाओं के एडमिट कार्ड जारी

WhatsApp Channel Join Now
10वीं और जमा दो की बोर्ड परीक्षाओं के एडमिट कार्ड जारी


धर्मशाला, 27 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और जमा दो की बोर्ड परीक्षाओं के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि शिक्षा बोर्ड विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं पारदर्शी, सुचारु और समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित कर रहा है, ताकि किसी भी विद्यार्थी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

डॉ. शर्मा ने बताया कि विद्यार्थी अपने-अपने विद्यालय लॉगिन तथा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। यह व्यवस्था डिजिटल पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करती है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और एसओएस केंद्रों से भी अपेक्षा जताई कि वे विद्यार्थियों को समय पर मार्गदर्शन उपलब्ध कराएं और एडमिट कार्ड से संबंधित प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएं।

बोर्ड अध्यक्ष ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से आग्रह किया कि एडमिट कार्ड में दर्ज नाम, जन्मतिथि, विषय व अन्य विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच अवश्य करें। किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर संबंधित विद्यालय/एसओएस केंद्र के माध्यम से तुरंत शिक्षा बोर्ड को सूचित करें, ताकि समय रहते सुधार सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि बोर्ड की नीति यह है कि किसी भी विद्यार्थी के भविष्य के साथ लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story