हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जारी किए संशोधित मॉडल पेपर

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जारी किए संशोधित मॉडल पेपर


धर्मशाला, 17 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए एक अहम खबर है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा पैटर्न को अधिक स्पष्ट, पारदर्शी और छात्र-अनुकूल बनाते हुए विभिन्न कक्षाओं के 'संशोधित आदर्श प्रश्न-पत्र' (मॉडल पेपर) अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं। बोर्ड का मुख्य उद्देश्य छात्रों को समय रहते नए परीक्षा पैटर्न, अंक-विभाजन और प्रश्नों की प्रकृति से भली-भांति अवगत कराना है, ताकि वे बिना किसी दबाव के अपनी तैयारी को धार दे सकें।

बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इस नई पहल की जानकारी देते हुए बताया कि ये संशोधन पूरी तरह से 'राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020' की मूल भावना पर आधारित हैं। अब शिक्षा प्रणाली में विषय-वस्तु को आंख मूंदकर रटने के बजाय छात्रों की समझ, तार्किक क्षमता, विश्लेषण और उसके व्यावहारिक प्रयोग (एप्लीकेशन) को परखने पर फोकस किया जा रहा है। इन मॉडल प्रश्न-पत्रों के नियमित अभ्यास से छात्र न केवल अपनी तैयारी का सटीक आकलन कर पाएंगे, बल्कि परीक्षा हॉल में उनका समय प्रबंधन और उत्तर लेखन कौशल भी मजबूत होगा।

छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए, पूर्व में उपलब्ध करवाए गए आदर्श प्रश्न-पत्रों में जरूरी बदलाव कर उन्हें वेबसाइट पर अपडेट कर दिया गया है।

डॉ. राजेश शर्मा ने प्रदेश के सभी विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि वे बोर्ड की वेबसाइट से इन संशोधित प्रश्न-पत्रों को डाउनलोड कर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इन प्रश्न-पत्रों के अभ्यास से छात्र यह पहचान सकेंगे कि उन्हें किन विषयों और अध्यायों में अधिक मेहनत करने की आवश्यकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story