एआई समिट में युवा कांग्रेस के कारनामे को लेकर धर्मशाला में भाजयुमो का प्रदर्शन
धर्मशाला, 21 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) हिमाचल प्रदेश द्वारा शनिवार को धर्मशाला के कचहरी चौक पर प्रदेश सरकार और युवा कांग्रेस के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन हाल ही में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट' के दौरान युवा कांग्रेस द्वारा किए गए कृत्य के विरोध में आयोजित किया गया। भाजयुमो ने इस घटनाक्रम को राष्ट्र विरोधी और देश के सम्मान को चोट पंहुचाने वाला करार दिया है।
भाजयुमो जिला कांगड़ा के अध्यक्ष तपन मन्हास ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के किसी भी मंच पर भारत की छवि को धूमिल करना किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इस समिट के दौरान जो व्यवहार किया, उससे वैश्विक पटल पर प्रदेश और देश की गरिमा गिरी है। इसी के विरोध में भाजयुमो के कार्यकर्ता आज एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि राष्ट्र की गरिमा और सम्मान की रक्षा के लिए युवा मोर्चा सदैव तत्पर है। इस प्रदर्शन के माध्यम से युवा मोर्चा प्रशासन और सरकार को यह कड़ा संदेश देना चाहता है कि अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में मर्यादा का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान भाजयुमो के प्रदेश सचिव शाश्वत कपूर सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

