कांग्रेस ने 10 गारंटियों के नाम पर छला हिमाचल : अनुराग सिंह ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने 10 गारंटियों के नाम पर छला हिमाचल : अनुराग सिंह ठाकुर


धर्मशाला, 14 नवंबर (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर तथा पूर्व उद्योग मंत्री एवं जसवां-प्रागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर ने जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित युवा आक्रोश रैली के माध्यम से प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। रैली में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए चार वर्ष होने जा रहे हैं, लेकिन चुनावों के दौरान प्रदेश के युवाओं से किए गए वादों का आज तक कोई ठोस हिसाब नहीं दिया गया। कांग्रेस ने सत्ता हासिल करने के लिए युवाओं को पांच लाख सरकारी नौकरियां देने की गारंटी दी थी, लेकिन आज युवा नौकरी के लिए भटक रहा है और सरकार अपनी गारंटी का जवाब देने से बच रही है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के समय युवाओं को बड़े-बड़े सपने दिखाए थे। पांच लाख सरकारी नौकरियों का वादा केवल चुनावी घोषणा नहीं था, बल्कि प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं के भविष्य और उनके परिवारों की उम्मीदों से जुड़ा विषय था। आज चार साल के कार्यकाल में सरकार एक लाख नौकरियां भी नही दे पाई।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और स्टार्टअप के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम कर रही है। दूसरी ओर हिमाचल की कांग्रेस सरकार रोजगार के नाम पर केवल घोषणाएं और आश्वासन दे रही है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की दस गारंटियां आज प्रदेश की जनता के लिए सबसे बड़ा सवाल बन चुकी हैं। महिलाओं को 1500 रुपये देने, युवाओं को रोजगार देने, किसानों-बागवानों को राहत देने और जनता से किए गए अन्य वादों पर सरकार की चुप्पी उसकी कार्यशैली को उजागर करती है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल का युवा अब जाग चुका है। जसवां-प्रागपुर की यह युवा आक्रोश रैली प्रदेश की उस युवा शक्ति का प्रतीक है, जो कांग्रेस सरकार से अपने अधिकारों और वादों का हिसाब मांग रही है।

10 गारंटियों पर श्वेत पत्र जारी कर सरकार : बिक्रम ठाकुर

इस अवसर पर विधायक बिक्रम ठाकुर ने कहा कि जसवां-प्रागपुर का युवा आज कांग्रेस सरकार से पूछ रहा है कि चुनावों के दौरान किए गए वादे आखिर कहां गए। पांच लाख सरकारी नौकरियों की गारंटी देकर सत्ता में आई कांग्रेस चार साल बाद भी रोजगार के मोर्चे पर अपनी उपलब्धियां गिनाने की स्थिति में नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776929 Articles

Share this story