धर्मशाला में भाजपा ने मनाया जीत का जश्न, बंटे लड्डू

WhatsApp Channel Join Now
धर्मशाला में भाजपा ने मनाया जीत का जश्न, बंटे लड्डू


धर्मशाला, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर सोमवार को धर्मशाला मंडल द्वारा दाड़ी स्थित भाजपा कार्यालय में विधायक एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा के नेतृत्व में जीत का जश्न मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर झूमते हुए एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर मुंह मीठा करवाया और भारत माता की जय व जय श्री राम के नारे लगाए।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास, सुशासन और गरीब कल्याण की नीतियों पर जनता की मुहर है। बंगाल की जनता ने तुष्टिकरण और गुंडाराज को नकार कर राष्ट्रवाद और कमल का साथ दिया है। संदेशखाली की बेटियों के आंसुओं का जवाब जनता ने वोट से दिया है।

सुधीर शर्मा ने कहा कि यह जीत 2024 की हैट्रिक के बाद भाजपा के प्रति जनता के अटूट विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि देवभूमि हिमाचल का कार्यकर्ता भी इस राष्ट्रीय उत्सव में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।

कार्यक्रम में ज़िला अध्यक्ष कांगड़ा भाजपा सचिन शर्मा, भाजपा प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु, मंडल अध्यक्ष डॉ. विशाल नेहरिया, समस्त पदाधिकारी, मोर्चों-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ अध्यक्ष एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story