ज्यादा पोस्टर लगाने से फिल्म हिट नहीं होती, कांग्रेस सरकार का भी फ्लॉप होना तय : सुधीर शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
ज्यादा पोस्टर लगाने से फिल्म हिट नहीं होती, कांग्रेस सरकार का भी फ्लॉप होना तय : सुधीर शर्मा


धर्मशाला, 16 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक सुधीर शर्मा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस प्रकार से कोई फिल्म केवल बड़े-बड़े पोस्टर और होर्डिंग लगाने से सफल नहीं हो जाती, उसी प्रकार सरकार भी प्रचार-प्रसार और दिखावे के सहारे जनता का विश्वास हासिल नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की कांग्रेस सरकार का पूरा ध्यान काम करने के बजाय अपनी छवि चमकाने और जगह-जगह पोस्टर लगाने पर केंद्रित है, लेकिन जनता सब कुछ देख और समझ रही है।

सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा द्वारा लगाए गए पोस्टर निजी स्थानों पर और अपने समर्थकों की संपत्तियों पर लगाए गए थे, लेकिन सरकार ने प्रशासन को निर्देश देकर उन्हें हटवाने का काम किया। दूसरी ओर कांग्रेस सरकार और उसके नेताओं के पोस्टर तथा फ्लेक्स जगह-जगह बिना अनुमति के लगे हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार दोहरे मापदंड क्यों अपना रही है। नियम केवल विपक्ष के लिए ही हैं और सत्ताधारी दल के लिए कोई नियम लागू नहीं होते। उन्होंने कहा कि सरकार को यह समझना चाहिए कि पोस्टर और फ्लेक्स लगाने से न तो जनता की समस्याओं का समाधान होता है और न ही सरकार की लोकप्रियता बढ़ती है।

सुधीर शर्मा ने हाल ही में आई फिल्म 'हनुमान अंश' का उदाहरण देते हुए कहा कि उस फिल्म के बहुत अधिक पोस्टर नजर नहीं आए, लेकिन फिल्मों की सफलता का आधार उनका वास्तविक प्रदर्शन होता है। इसके विपरीत कई ऐसी फिल्में होती हैं जिनके पोस्टर हर गली और चौराहे पर दिखाई देते हैं, लेकिन वे बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित होती हैं।

उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि जिन फिल्मों के पोस्टर सबसे ज्यादा लगाए जाते हैं, वे कई बार सबसे बड़ी फ्लॉप साबित होती हैं। हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार के साथ भी यही होने वाला है। सरकार जितने मर्जी पोस्टर लगा ले, जनता के सामने उसकी वास्तविकता छिपने वाली नहीं है।

सुधीर शर्मा ने कहा कि सरकार प्रचार के माध्यम से अपनी असफलताओं को छिपाने का कितना भी प्रयास कर ले, अंततः जनता ही तय करती है कि कौन सफल है और कौन फ्लॉप। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को उसके कामकाज का जवाब देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777956 Articles

Share this story