देश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे राहुल गांधी, कड़ाई से हो पूछताछ : संजय शर्मा

WhatsApp Channel Join Now


धर्मशाला, 14 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा किए गए हालिया दावों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए इसे अत्यंत गंभीर, संवेदनशील और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा करार दिया है। संजय शर्मा ने कहा कि गत 12 अक्टूबर को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने दावा किया था कि सीबीआई, ईडी तथा विदेश मंत्रालय सहित विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों के 200 से अधिक अधिकारी उन्हें सरकार के अंदर की गुप्त सूचनाएं दे रहे हैं, राहुल गांधी का यह बयान बेहद चौंकाने वाला और चिंताजनक है। यह देश की सुरक्षा से जुड़ा एक अति संवेदनशील मुद्दा है। अगर जांच व सुरक्षा एजेंसियों तथा विदेश मंत्रालय के अधिकारी राजनीतिक नेताओं को गोपनीय सूचनाएं लीक कर रहे हैं, तो यह सीधे तौर पर देश की सुरक्षा, संप्रभुता और गोपनीय कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इस संवेदनशील मामले में राहुल गांधी से तुरंत कड़ाई से पूछताछ आवश्यक हो जाती है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि ये अधिकारी कौन हैं और किस तरह की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी सूचनाएं बाहर भेजी जा रही हैं।

2013 के सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक आदेश का सरेआम उल्लंघन

संजय शर्मा ने ऐतिहासिक संदर्भ का हवाला देते हुए याद दिलाया कि वर्ष 2013 में सीबीआई के तत्कालीन निदेशक रणजीत सिन्हा द्वारा न्यायालय में यह स्वीकार किया गया था कि जांच एजेंसी की स्टेटस रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत करने से पहले तत्कालीन कानून मंत्री अश्विनी कुमार को दिखाई गई थी और उसमें कई संशोधन किए गए थे। इस मामले पर कड़ा संज्ञान लेते हुए 8 मई 2013 को सर्वोच्च न्यायालय के जस्टिस आर.एम. लोढा की पीठ ने ऐतिहासिक आदेश जारी किया था।

संजय शर्मा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का यह दावा और एजेंसियों में अनधिकृत घुसपैठ की कोशिश 8 मई 2013 के सर्वोच्च न्यायालय के उसी आदेश का सीधा व सरेआम उल्लंघन है।

संजय शर्मा ने गृह मंत्री अमित शाह से मांग की है कि देश की सुरक्षा से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर भारत सरकार और केंद्रीय जांच एजेंसियां राहुल गांधी को तुरंत नोटिस जारी कर उनसे पूछताछ करें और उन अधिकारियों के नामों का खुलासा करवाएं। पूरे मामले की निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच कराई जाए ताकि केंद्रीय एजेंसियों व विदेश मंत्रालय की गोपनीयता में सेंध लगाने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो सके।

संजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि देश की सुरक्षा और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना को भारतीय जनता पार्टी किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेगी और इस मुद्दे को हर मंच पर प्रमुखता से उठाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760552 Articles

Share this story