मेडिकल कॉलेजों में 320 पीजी सीटें और 415 करोड़ मंजूर करना केंद्र की बड़ी सौगात : संजय शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
मेडिकल कॉलेजों में 320 पीजी सीटें और 415 करोड़ मंजूर करना केंद्र की बड़ी सौगात : संजय शर्मा


धर्मशाला, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए ऐतिहासिक कदम का स्वागत किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने एक बार फिर देवभूमि हिमाचल के प्रति अपनी विशेष प्रतिबद्धता और स्नेह को साबित किया है।

शनिवार को जारी एक बयान में संजय शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 320 नई पोस्टग्रेजुएट (पीजी) मेडिकल सीटों को मंजूरी दी है, साथ ही इसके बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 415 करोड़ रुपये के भारी-भरकम वित्तीय अनुदान का प्रावधान किया है।

संजय शर्मा ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि वर्तमान में प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पीजी की कुल 277 सीटें उपलब्ध थीं। इन 320 नई सीटों के जुड़ जाने से अब प्रदेश में पीजी सीटों की कुल संख्या बढ़कर 597 हो जाएगी। यह बढ़ोतरी हिमाचल के चिकित्सा इतिहास में एक बहुत बड़ा मील का पत्थर साबित होगी।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र सरकार की इस विशेष योजना के तहत देश भर में अगले 5 वर्षों में 10 हजार नई मेडिकल सीटें जोड़ने का लक्ष्य है, जिसके तहत हिमाचल प्रदेश को यह बड़ी सौगात मिली है। वहीं 415 करोड़ रुपये के अनुदान से मेडिकल कॉलेजों में लैब, हॉस्टल, और अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा।

संजय शर्मा ने कहा कि इस निर्णय से न केवल हिमाचल प्रदेश में स्पेशलिस्ट (विशेषज्ञ) डॉक्टरों की भारी कमी दूर होगी, बल्कि प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के बेहतरीन अवसर मिलेंगे और आम जनता को स्थानीय स्तर पर ही विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने इस जनहितैषी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का समस्त हिमाचलवासियों की ओर से हार्दिक धन्यवाद किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766002 Articles

Share this story