पालमपुर नगर निगम चुनाव में हुई वोट डकैती : त्रिलोक कपूर

WhatsApp Channel Join Now
पालमपुर नगर निगम चुनाव में हुई वोट डकैती : त्रिलोक कपूर


धर्मशाला, 06 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के पालमपुर नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर 'वोट डकैती' का गंभीर आरोप लगाया है। मंगलवार को धर्मशाला में आयोजित एक प्रेस वार्ता में भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने वोटर लिस्ट और पीपीटी प्रेजेंटेशन के जरिए दावा किया कि कांग्रेस ने एक सोची-समझी साजिश के तहत 4,037 अयोग्य और फर्जी वोटरों की मदद से नगर निगम चुनाव में जीत हासिल की। भाजपा ने इस पूरे घटनाक्रम को 'पालमपुर वोट डकैती मॉडल' करार देते हुए स्थानीय विधायक आशीष बुटेल और प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं और मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच की मांग की है।

भाजपा नेता त्रिलोक कपूर ने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि 2026 के पालमपुर नगर निगम चुनाव के 14 वार्डों में भाजपा मात्र 1,341 वोटों के अंतर से चुनाव हारी थी। उन्होंने दावा किया कि इस हार के पीछे 4,037 फर्जी वोटों की फौज थी। कपूर के अनुसार, इनमें 1,627 ऐसे 'डबल वोटर' शामिल हैं, जो मूलतः ग्रामीण क्षेत्रों के हैं, लेकिन बिना अपना पुराना नाम कटवाए झूठी घोषणाओं के जरिए उन्हें नगर निगम की लिस्ट में जोड़ दिया गया। इसके अलावा, 2,450 वोट ऐसे हैं जिनके पास या तो फोटो पहचान पत्र नंबर नहीं है, या उनका हाउस नंबर 'शून्य' दर्शाया गया है। सप्लीमेंट्री लिस्ट में शामिल भारी संख्या में मतदाताओं का घर का पता और एपिक नंबर खाली छोड़ा गया है।

भाजपा ने इस कथित घोटाले का मुख्य सूत्रधार पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल को बताया है। कपूर ने आरोप लगाया कि फर्जीवाड़े की शुरुआत विधायक के घर से ही हुई है। उन्होंने बताया कि एक ही घर में रहने के बावजूद विधायक आशीष बुटेल और उनके पिता के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों में दर्ज हैं। इसके साथ ही, विधायक की बहन, चचेरे भाई, उनके सुरक्षा अधिकारी के पिता और उनके अकाउंटेंट तथा उसकी पत्नी के पास दो अलग-अलग जगहों के वोट और दो अलग-अलग एपिक नंबर होने के सबूत पेश किए गए।

प्रेस वार्ता में आरटीआई से मिली जानकारी का हवाला देते हुए भाजपा प्रवक्ता ने प्रशासन पर भी संगीन आरोप लगाए गए। कपूर ने कहा कि चुनाव कार्यालय के पास 2021 की वोटर लिस्ट ही उपलब्ध नहीं थी। वोट बनाने और काटने का पूरा जिम्मा नगर निगम के एक आउटसोर्स कर्मचारी को सौंप दिया गया, जो कथित तौर पर खुद को विधायक का 'हनुमान' और यूथ कांग्रेस का कार्यकर्ता बताता है।

सीबीआई जांच और चुनाव रद्द करने की मांग, मामले को लेकर हाईकोर्ट जाएगी भाजपा

भाजपा ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 का हवाला देते हुए दोहरे वोटर कार्ड रखने वालों पर तुरंत एफआईआर दर्ज करने, पूरे मामले की सीबीआई जांच करवाने और धांधली के आधार पर पालमपुर नगर निगम चुनाव को रद्द करने की मांग की है। त्रिलोक कपूर ने स्पष्ट किया कि भाजपा इन तमाम सबूतों के साथ उच्च न्यायालय में याचिका दायर करेगी। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि फर्जी वोट बनाम असली वोटर के अधिकारों को बचाने की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story