चार साल में 1500 नहीं मिले, अब योजना का नाम बदलकर फिर नया ऐलान : विनय शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
चार साल में 1500 नहीं मिले, अब योजना का नाम बदलकर फिर नया ऐलान : विनय शर्मा


धर्मशाला, 27 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विनय शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल की जनता अब भाषणों, घोषणाओं और योजनाओं के नाम बदलने की राजनीति से ऊब चुकी है। चार साल का कार्यकाल पूरा होने को है, लेकिन जिस ‘इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना’ के तहत महिलाओं को 1500 प्रतिमाह देने का वादा किया गया था, उसी 1500 के लिए अब ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के नाम से नया ऐलान किया जा रहा है। सवाल सीधा है—पुरानी योजना का क्या हुआ और चार साल में हर पात्र महिला को उसका पूरा लाभ क्यों नहीं मिला।

वीरवार को जारी एक प्रेस बयान में विनय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले महिलाओं को 1500 देने का बड़ा वादा किया था। अब सरकार की ओर से नई योजना के तहत पात्र महिलाओं को फिर 1500 प्रतिमाह देने और पात्र परिवारों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा की गई है। हाल की रिपोर्टों के अनुसार मुख्यमंत्री ने ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना को 2 अक्टूबर से लागू करने की बात कही है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कांग्रेस सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि 2027 में जनता घोषणाओं का नहीं, चार साल के काम का हिसाब करेगी। विनय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के पास अब भाषणों का समय समाप्त हो चुका है। जनता को हिसाब चाहिए और सरकार को जवाब देना ही होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story