सुक्खू सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए जनता ने कर ली तैयारी : राकेश शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
सुक्खू सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए जनता ने कर ली तैयारी : राकेश शर्मा


धर्मशाला, 01 जून (हि.स.)।

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा ने कहा कि नगर निगम, पंचायतों व जिला परिषद चुनावों में भाजपा को मिली प्रचंड जीत इस बात का प्रमाण है कि जनता सुक्खू सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए तैयार बैठी हुई है। इन चुनावों में जनता ने सुक्खू सरकार की खिंचाई की तो उसे जमीन भी नजर आ गई है।

उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने कांग्रेस के कुशासन, जनविरोधी नीतियों और खराब कामकाज को पूरी तरह नकार दिया है। प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों और नीतियों के साथ मजबूती से खड़ी है जनता ने केंद्र सरकार के विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग चार सालों से झूठ की बुनियाद पर बैठी सुक्खू सरकार ने प्रदेश को विकास के मामले में कई वर्ष पीछे घकेल दिया है। इन चुनावों के परिणामों से साफ जाहिर हुआ है कि प्रदेश की जनता सुक्खू सरकार से दुखी व परेशान है तथा कांग्रेस सरकार से जनता जल्द छुटकारा चाहती है।

सोमवार को जारी एक प्रेस बयान में राकेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद लोगों को विकास की उम्मीद थी, लेकिन जनता को निराशा हाथ लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आर्थिक संकट, महंगाई, बेरोजगारी और प्रशासनिक अव्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल रही है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि नगर निकाय चुनावों के नतीजे बताते हैं कि लोगों का भरोसा कांग्रेस से उठ चुका है। जनता अब बदलाव चाहती है और यही वजह है कि शहरी इलाकों में भाजपा को मजबूत समर्थन मिला है।

राकेश शर्मा ने कहा कि धर्मशाला नगर निगम विकास के मामले में कम तथा विनाश के मामले में ज्यादा भागीदार रहा है। धर्मशाला के विकास पर सुक्खू सरकार ने कैंची चलाई, केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण पर 30 करोड़ जमा नही करा पाई, पर्यटन के नाम पर यहां के होटल कारोवारियों व बेरोजगारों के साथ छल किया गया तथा इसका प्रतिशोध जनता ने दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। साथ ही कहा कि बीजेपी विकास, सुशासन और पारदर्शिता के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों के नतीजे आने वाले विधानसभा चुनावों की झलक हैं। उन्होंने कहा कि “यह सिर्फ ट्रेलर है, असली तस्वीर 2027 के विधानसभा चुनाव में दिखाई देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story