नए जिलों के पुनर्गठन की बात लोगों को भ्रमित करने वाली : राकेश शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
नए जिलों के पुनर्गठन की बात लोगों को भ्रमित करने वाली : राकेश शर्मा


धर्मशाला, 18 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार द्वारा नए जिलों के गठन के लिए आयोग बनाने की चर्चाओं और कवायद पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू पिछले 4 सालों से खजाना खाली होने का रोना रोते आ रहे हैं। नए जिलों के पुनर्गठन की बात मात्र लोगों को भ्रमित करना है।

उन्होंने कहा मौजूदा समय मे प्रदेश गंभीर वित्तीय संकट और कर्ज से जूझ रहा है। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को बर्बादी की दहलीज पर खड़ा कर दिया है। प्रदेश में विकास को छोड़ सुक्खू विनाश की डगर पर चले हुए हैं। भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा ने कहा कि सरकार के पास कर्मचारियों की वेतन और पेंशन देने के पैसे नहीं हैं, ऐसे में नए जिलों की बात करना केवल जनता का ध्यान भटकाने की रणनीति है। उन्होंने सीएम सुक्खू की इस मंशा को 2027 को आने वाले विधानसभा चुनाव में वोटों की फसल काटने के उद्देश्य से लिया गया चुनावी स्टंट करार दिया है।

राकेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार की नई जनविरोधी घोषणाएं अपने व्यक्तिगत राजनैतिक स्वार्थों की पूर्ति करने का प्रयास भर है। इस कोशिश में उन्होंने हिमाचल के पूरे आर्थिक तंत्र को दांव पर लगा दिया है। जिसका खामियाजा प्रदेश और प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जिन झूठी गारंटियों के आधार पर सत्ता में आई थी, वही गारंटियां आज प्रदेश की जनता के दिलों में पीड़ा बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों में मिले जनादेश ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से पूरी तरह निराश हो चुकी है और 2027 के चुनावों में जनता इसका करारा जवाब देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763160 Articles

Share this story