कांग्रेस सांसद के खिलाफ धर्मशाला में गरजा भाजपा महिला मोर्चा, सख्त कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 12 अक्टूबर (हि.स.)। धर्मशाला में सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर सियासी पारा हाई कर दिया। महिला मोर्चा ने मणिपुर से कांग्रेस सांसद प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल पर लगे गंभीर आरोपों, महिलाओं के अपमान और एसआईआर के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा।

इस मौके पर भाजपा नेताओं ने एक स्वर में मांग उठाई कि महिला सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने दोषी सांसद पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

पूर्व मंत्री सरवीन चौधरी ने मोर्चा संभालते हुए कहा कि मणिपुर के सांसद पर लगे बलात्कार के आरोपों की फास्ट ट्रैक कोर्ट में त्वरित सुनवाई हो। आरोप साबित होने पर कठोरतम सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि महिला का सम्मान किसी पार्टी का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी महिलाओं के सम्मान की बात कही है, केंद्र और राज्य सरकारों को तुरंत संज्ञान लेना चाहिए।

पूर्व विधायक अरुण कुमार मेहरा कूका ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। कहा कि कांग्रेस नेता देश के उच्च पदों पर बैठे लोगों और महिलाओं पर अमर्यादित बयानबाजी कर रहे हैं। राहुल गांधी को जवाब देना होगा कि कांग्रेस का महिला सम्मान पर स्टैंड क्या है? कूका ने कहा कि एसआईआर पर कांग्रेस देश में भ्रम फैला रही है, जबकि देश की आधी आबादी महिलाओं की है, उनका सम्मान सर्वोपरि है।

कांगड़ा विधायक पवन काजल ने कहा कि महिलाओं के हक की असली लड़ाई भाजपा ने लड़ी है। पंचायत में 50 प्रतिशत आरक्षण, लोकसभा-विधानसभा में महिला आरक्षण और तीन तलाक से मुक्ति भाजपा की देन है। कांग्रेस मणिपुर सांसद और जेएनयू यौन शोषण मामले में दोहरा मापदंड अपना रही है।

वहीं धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा का यह प्रदर्शन रेप के आरोपी कांग्रेस सांसद को बचाने की कांग्रेस की कोशिश के खिलाफ है। जेएनयू भी सांसद के खिलाफ एक्शन ले चुका है। महिला अपराध किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा।

एसआईआर पर उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट से फर्जी, डबल और मृत लोगों के नाम हटाना लोकतंत्र की शुद्धता के लिए जरूरी है, कांग्रेस इस पर भी देश को गुमराह कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759562 Articles

Share this story