प्रदेश सरकार के खिलाफ भाजपा का हल्ला बोल, धर्मशाला में विधायक के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश सरकार के खिलाफ भाजपा का हल्ला बोल, धर्मशाला में विधायक के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन


धर्मशाला, 09 अप्रैल (हि.स.)। जिला मुख्यालय धर्मशाला में वीरवार को भाजपा के शहरी और ग्रामीण मंडलों ने वीरवार को प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। कार्यकर्ता सम्मेलन के समापन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कचहरी अड्डा पर जमा होकर सरकार की नीतियों को जमकर कोसा। धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने इस प्रदर्शन में विशेष रूप से शिरकत की और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार देते हुए तीखे राजनीतिक हमले किए।

बाद में मीडिया से बातचीत में सुधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि सुक्खू सरकार की नाकामियों की बजह से प्रदेश में वित्तीय हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। हालात यह हैं कि सरकार कर्मचारियों को लेकर 'दमनकारी नीति' अपना रही है। उन्होंने कहा वेतन और पेंशनरों को पेंशन तक नहीं मिल पा रही है। प्रदेश सरकार के खिलाफ आज जो भी आवाज उठाता है उनके खिलाफ मामले बनाए जा रहे हैं। युवा रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख कर रहे हैं। कई मामलों में झूठी एफआईआर दर्ज कर दी जाती है, यहां तक कि विधायकों को भी नही बख्शा जा रहा है।

वहीं, एटीएस के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि टैक्सी ओपेरेटर्स के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज की गई है। वह भी ऐसे व्यक्ति द्वारा मामला दर्ज करवाया जाता है जिसे खुद घटना की कोई जानकारी ही नही है। उन्होंने सवाल उठाया कि हिमाचल में नशा माफिया राजनीतिक संरक्षण में फलफूल रहा है और पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं है।

सुधीर शर्मा ने कहा कि सरकार जनसेवा के बजाय विरोधियों को प्रताड़ित करने का काम किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story