सुक्खू सरकार का दोगला चरित्र उजागर, आम जनता का किया जा रहा आर्थिक अत्याचार : संजीव शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
सुक्खू सरकार का दोगला चरित्र उजागर, आम जनता का किया जा रहा आर्थिक अत्याचार : संजीव शर्मा


धर्मशाला, 12 अगस्त (हि.स.)। संगठनात्मक ज़िला कांगड़ा भाजपा के सह-प्रभारी व हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी संजीव शर्मा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सुक्खू सरकार अपने जनविरोधी फैसलों से आम जनता की कमर तोड़ने में जुटी है। सत्ता में आने से पहले जनता को बड़ी-बड़ी गारंटियों का झांसा देने वाली कांग्रेस पार्टी का असली और दोगला चरित्र अब पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। सरकार का एक ही काम रह गया है, जनता की जेब पर डाका डालना और रोज नए-नए टैक्स थोपकर लोगों का जीना मुहाल करना।

बुधवार को जारी एक प्रेस बयान में संजीव शर्मा ने कहा कि जनवरी 2023 से लेकर अब तक इस सरकार ने राज्य स्तर पर पेट्रोल और डीजल पर तीन-तीन बार कर बढ़ाकर जनता पर आर्थिक बोझ लाद दिया है। जनवरी 2023 में डीजल पर वैट की दर को 4.40 से सीधे बढ़ाकर 7.40 रुपये प्रति लीटर किया गया, जिससे 3 रुपये प्रति लीटर की सीधी वृद्धि हुई। इसके बाद जुलाई 2023 में जनता के जख्मों पर नमक छिड़कते हुए डीजल पर वैट फिर से 3 रुपये बढ़ाकर 10.40 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया। वर्ष 2023 में ही केवल डीजल पर 6 रुपये प्रति लीटर का अतिरिक्त डाका डालकर माल ढुलाई, खेती-किसानी और दैनिक आवागमन को भारी नुकसान पहुंचाया गया।

अब अगस्त 2026 में कांग्रेस सरकार ने अपनी कर-वसूली का नया पैंतरा निकाला है। वैट कानून में गुपचुप संशोधन कर पेट्रोल और डीजल पर 'अनाथ एवं विधवा सेस' के नाम पर नया कर थोप दिया गया है। 11 अगस्त 2026 के आदेशानुसार 12 अगस्त से दोनों ईंधनों पर 60 पैसे प्रति लीटर का अतिरिक्त बोझ लाद दिया गया है, जबकि कानून में इसे 5 रुपये प्रति लीटर तक वसूलने की क्रूर छूट रखी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story