धर्मशाला में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा को लेकर सड़कों पर उतरेगी भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
धर्मशाला में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा को लेकर सड़कों पर उतरेगी भाजपा


धर्मशाला, 29 अक्टूबर (हि.स.)। धर्मशाला में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा को लेकर शुक्रवार को भाजपा सड़कों पर उतरेगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सुलह से विधायक विपिन सिंह परमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा 30 अक्टूबर को धर्मशाला में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा आयोजित की जाएगी। यह पदयात्रा गांधी वाटिका से आरंभ होकर कचहरी अड्डा तक निकलेगी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों, जनहित, सरकार की जवाबदेही और प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से जुड़े विषयों को जनता के बीच उठाएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य जनसमस्याओं को मुखरता से सामने लाना और सरकार को उसके दायित्वों का बोध करवाना है। शांतिपूर्ण जनभागीदारी लोकतंत्र की शक्ति है। जब जनता अपने अधिकारों, अपेक्षाओं और समस्याओं को लेकर आवाज उठाती है, तो सरकार का दायित्व बनता है कि वह उन प्रश्नों का उत्तर दे और जनहित में आवश्यक कदम उठाए।

उन्होंने धर्मशाला के नागरिकों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पदयात्रा में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनजागरण, वैचारिक संवाद और सत्ता की जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है। भाजपा जनता के मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी और प्रदेश सरकार से उसके चुनावी वादों का हिसाब मांगती रहेगी।

वीरवार को पदयात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में विपिन सिंह परमार ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक प्रहार करते हुए कहा कि लोकतंत्र में चुनावी परिणामों पर सवाल उठाने से पहले राजनीतिक दलों को अपने तर्कों, दावों और संगठनात्मक स्थिति का ईमानदारी से आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार ईवीएम और चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाती रही है, लेकिन मतपत्रों से हुए चुनावों के परिणाम भी उसके राजनीतिक विमर्श पर गंभीर प्रश्न खड़े करते हैं। लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि है और राजनीतिक दलों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपनी राजनीतिक विफलताओं की समीक्षा करें, न कि बार-बार चुनावी व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करके अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करें।

परमार ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में प्रदेश सरकार के कामकाज, चुनावी वादों और जनहित के मुद्दों का मूल्यांकन स्वाभाविक रूप से जनता के बीच होगा।

बैठक में धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा, संगठनात्मक जिला कांगड़ा भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु, दोनों मंडल अध्यक्ष (शहरी एवं ग्रामीण), महापौर शमशेर सिंह नैहरिया और जिला महामंत्री देवेंद्र कोहली सहित जिला के तमाम बड़े पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769065 Articles

Share this story