धर्मशाला में भाजपा ने निकाली 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा

WhatsApp Channel Join Now
धर्मशाला में भाजपा ने निकाली 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा


धर्मशाला, 30 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा ने शुक्रवार को कांगड़ा जिला मुख्यालय धर्मशाला में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा निकाली। इस पदयात्रा में कांगड़ा जिले के 14 विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और पूर्व मंत्री विपिन सिंह परमार ने कांग्रेस पर निशाना साधा। पदयात्रा कोतवाली के गांधी चौक से लेकर कचहरी अड्डा तक निकाली गई। पदयात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र में हुई इस पदयात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिमाचल की सुक्खू सरकार और कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व की आलोचना की। डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि चुनाव हारने पर कांग्रेस आत्ममंथन करने के बजाय सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग और ईवीएम को दोष देती है। सांसद राजीव भारद्वाज ने विपक्ष पर लोकतांत्रिक तरीके से जीतने में असमर्थ होने और देश में अराजकता व 'डीप फेक नैरेटिव' फैलाने का आरोप लगाया।

वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और फॉर्म-6 पर भारद्वाज ने कहा कि यह संवैधानिक प्रक्रिया है और सुप्रीम कोर्ट इसे सही ठहरा चुका है। उनके मुताबिक देश में अब तक 12 बार एसआईआर हुआ है। इनमें 10 बार कांग्रेस के शासनकाल में और एक-एक बार अटल बिहारी बाजपेयी और मोदी सरकार के समय हुआ।

उन्होंने आरोप लगाया कि फॉर्म-6 में वर्ष 2002-04 की मतदाता स्थिति का ब्योरा मांगे जाने से कांग्रेस को परेशानी है। भारद्वाज ने दावा किया कि इससे कांग्रेस के शासनकाल में अवैध रूप से जोड़े गए बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान उजागर हो रही है।

सड़कों पर उतरेगा हर कार्यकर्ता : परमार

पदयात्रा के संयोजक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और मौजूदा हालात पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की तानाशाही सरकार और बढ़ती अराजकता के खिलाफ भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर संघर्ष करने को तैयार है।

इस मौके पर धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा, कांगड़ा के विधायक पवन काजल, नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का, जिला अध्यक्ष सचिन शर्मा सहित सभी पूर्व विधायक, प्रत्याशी और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769268 Articles

Share this story