महिलाओं को 1500 नहीं, अब 72 हजार रुपये दे सरकार : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
महिलाओं को 1500 नहीं, अब 72 हजार रुपये दे सरकार : जयराम ठाकुर


धर्मशाला, 19 नवंबर (हि.स.)। धर्मशाला के तपोवन में चल रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सदन के भीतर ही नही बल्कि सदन के बाहर भी माहौल गरमा रहा है। सत्र के चौथे दिन वीरवार को एक बार फिर विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। सदन की कार्यवाही से पूर्व भाजपा विधायक दल ने महिलाओं को 1500 रुपये की गारंटी को पूरा नही करने को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा विधायकों ने सदन में जाने से पहले महिलाओं के अधिकारों व गारंटी को पूरा करने की मांग करते हुए विधानसभा के प्रवेश द्वार तक धरना-प्रदर्शन किया।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने महिलाओं को 1500 रुपये मासिक देने की गारंटी को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले कैबिनेट की पहली बैठक में 18 से 60 वर्ष की महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया था, लेकिन चार साल बीतने के बावजूद अधिकांश पात्र महिलाओं को इसका लाभ नहीं मिला।

विधानसभा सत्र के दौरान मीडिया से बातचीत में जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार करीब 20 बार इस गारंटी को पूरा करने की घोषणा कर चुकी है, लेकिन महिलाओं को अब तक उनका हक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल इस मुद्दे को लगातार सदन में उठा रहा है। इसी के विरोध में भाजपा की ओर से विधानसभा के बाहर धरना दिया जा रहा है, जिसमें कांगड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों की महिलाएं भाग ले रही हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि महिलाओं को अब केवल 1500 रुपये देने के बजाय चार साल के हिसाब से 72 हजार रुपये दिए जाने चाहिए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की करीब 28 लाख महिलाओं को इस गारंटी का लाभ मिलना चाहिए, जिसके अनुसार लगभग 20 हजार करोड़ रुपये की राशि बनती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान महिलाओं से वादा कर सत्ता हासिल की, लेकिन उसे पूरा नहीं किया।

नकली दवा फैक्टरी पर सख्त कार्रवाई की मांग

बद्दी में नकली दवाइयां बनाने वाली फैक्टरी पर हुई कार्रवाई को लेकर जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कहीं भी अवैध रूप से दवाइयों का निर्माण या कारोबार हो रहा है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779549 Articles

Share this story