प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगें खड़गे, नहीं तो करेंगे कानूनी कार्रवाई : विश्व चक्षु

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगें खड़गे, नहीं तो करेंगे कानूनी कार्रवाई : विश्व चक्षु


धर्मशाला, 27 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विवादित बयान की भाजपा ने कड़ी निंदा की है। हिमाचल प्रदेश भाजपा मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने कहा विवादित टिप्पणी पर कांग्रेस अध्यक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगें, नहीं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

मंगलवार को जारी एक प्रेस बयान में विश्वचक्षु ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के प्रति कथित रूप से की गई अपमानजनक टिप्पणी की भाजपा कड़े शब्दों में निंदा करती है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी के दिवंगत पिता और परिवार को निशाना बनाना भारतीय संस्कृति, सामाजिक मर्यादाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्रसेवा और देश के विकास के लिए समर्पित किया है। उनके परिवार के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना कांग्रेस की संकीर्ण राजनीतिक सोच और बढ़ती हताशा को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि राजनीति में विचारों और नीतियों का विरोध होना चाहिए, न कि व्यक्तिगत अपमान और परिवार पर अनर्गल टिप्पणियां। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को अपनी राजनीतिक जिम्मेदारी समझते हुए सार्वजनिक जीवन में शालीनता और मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। लोकतंत्र में असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन यह अधिकार किसी को भी अपमानजनक भाषा के प्रयोग की छूट नहीं देता।

उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे से मांग की कि वे अपनी कथित टिप्पणी पर स्थिति स्पष्ट करें और यदि टिप्पणी अपमानजनक थी, तो देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767544 Articles

Share this story