भीतरघात पर भाजपा ने धर्मशाला के पांच पार्टी पदाधिकारियों की प्राथमिक सदस्यता तुरंत प्रभाव से की रद्द

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 09 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भाजपा में अनुशासन का उल्लंघन करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ पार्टी ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अनुशासन समिति की सिफारिशों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए धर्मशाला नगर निगम के पांच प्रमुख कार्यकर्ताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई निकाय चुनावों में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने और संगठन विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने की शिकायतों के आधार पर की गई है।

पार्टी कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर के अनुसार पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों के लिए गठित अनुशासन समिति ने जिला और मंडल स्तर से प्राप्त शिकायतों का गहन विश्लेषण किया। जांच में पाया गया कि कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने पार्टी लाइन से हटकर अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरने का दुस्साहस किया है। समिति ने इसे अनुशासनहीनता का गंभीर मामला बताते हुए प्रदेश अध्यक्ष से कड़ी कार्रवाई की अनुशंसा की थी, जिसे स्वीकार करते हुए डॉ. राजीव बिंदल ने संविधान की धाराओं के तहत निलंबन के आदेश जारी कर दिए।

धर्मशाला से निलंबित नेताओं में पूर्व मेयर और डिप्टी मेयर भी शामिल हैं। पार्टी की इस कार्रवाई की सबसे बड़ी मार धर्मशाला नगर निगम पर पड़ी है, जहां पूर्व मेयर और डिप्टी मेयर स्तर के नेताओं पर गाज गिरी है। नगर निगम धर्मशाला में निलंबित किए गए नेताओं में वार्ड नम्बर 2 से ओंकार नैहरिया (पूर्व मेयर), वार्ड नम्बर 6 से तेजेन्द्र कौर (पूर्व डिप्टी मेयर), वार्ड नम्बर 8 से सरोज गुलेरिया (मण्डल सचिव, धर्मशाला शहरी मण्डल), वार्ड नम्बर 14 से मितुल शुक्ला (बूथ अध्यक्ष) तथा वार्ड नम्बर एक से हिमांशी अग्रवाल (महिला मोर्चा मण्डल सचिव, धर्मशाला शहरी मण्डल) शामिल है।

अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story