भाजपा जिला पालमपुर ने मनाई रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा जिला पालमपुर ने मनाई रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती


धर्मशाला, 31 मई (हि.स.)। भाजपा जिला पालमपुर कार्यालय में शनिवार को पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर के 300 वीं जयंती के उपलक्ष्य पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रागिनी रकवाल ने की। वहीं कांगड़ा चंबा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी विपिन सिंह परमार, भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्षा वंदना योगी विशेष रूप से इस कार्यक्रम में मौजूद रहे।

संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए विपिन परमार ने कहा कि आज से 300 साल पहले जिस महान शक्ति का जन्म हुआ था, उनकी जयंती आज हम मना रहे हैं। यह प्रधानमंत्री मोदी की दूरगामी सोच का नतीजा है। आज से पहले न तो किसी सरकार ने रानी अहिल्याबाई होल्कर का जन्मदिन मनाया न ही कभी उनके बारे में चर्चा करना जरूरी समझा।

परमार ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर के जीवनी को हम सभी को पढ़ना चाहिए और उनसे सीखना चाहिए कि समाज के लिए हम कैसे खड़े हो सकते हैं और कैसे गरीब और उत्पीड़ित लोगों की मदद कर सकते हैं।

वहीं कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कहा कि यह कार्यक्रम पहली बार इस देश में किसी पार्टी द्वारा आयोजित किया जा रहा है, क्योंकि महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश को छोड़कर रानी अहिल्याबाई होलकर के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया

Share this story