भारतीय सेना के शौर्य पर सवाल उठाने वाले मंत्री को बर्खास्त करें मुख्यमंत्री : संजय शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय सेना के शौर्य पर सवाल उठाने वाले मंत्री को बर्खास्त करें मुख्यमंत्री : संजय शर्मा


धर्मशाला, 22 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा 'ऑपरेशन सिंदूर' और राफेल लड़ाकू विमानों को लेकर दिए गए विवादित बयान पर हमला बोला है। रविवार को धर्मशाला से जारी एक प्रेस बयान में संजय शर्मा ने कहा कि वीरभूमि हिमाचल के सदन में बैठकर देश की सेना के पराक्रम का मज़ाक उड़ाना और अपने ही छक्के छूट गए जैसी भाषा का इस्तेमाल करना न केवल शर्मनाक है, बल्कि यह कांग्रेस पार्टी की सेना-विरोधी मानसिकता को भी उजागर करता है।

संजय शर्मा ने कहा कि जगत सिंह नेगी का यह बयान कोई अचानक हुई चूक नहीं है, बल्कि यह कांग्रेस के उन्हीं बड़े नेताओं के नक्श-ए-कदम पर चलने की कोशिश है, जिन्होंने समय-समय पर भारतीय सेना का मनोबल तोड़ने का काम किया है।

शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसके सपूत मेजर सोमनाथ शर्मा को देश के लिए सर्वोच्च बलिदान के लिए पहला परमवीर चक्र मिला। इसके बाद मेजर धन सिंह थापा, कैप्टन विक्रम बतरा और राइफ़लमैन संजय कुमार को भी यह सर्वोच्च सम्मान परमवीर चक्र मिल चुके हैं और भी अनेकों शौर्य सम्मान हिमाचल प्रदेश के सैन्य अधिकारियों और जवानों को मिल चुके हैं, जो हिमाचल की सैन्य परंपरा को पूरे देश में सम्मान दिलाते हैं।

संजय शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मांग की है कि वे जगत सिंह नेगी के इस बयान का बचाव करना बंद करें। भाजपा ने मांग की है कि मंत्री जगत सिंह नेगी अपने इस बयान पर देश की सेना और हिमाचल की जनता से तुरंत सार्वजनिक माफी मांगें और मुख्यमंत्री उन्हें तत्काल प्रभाव से मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781454 Articles

Share this story