सुक्खू सरकार की नाकामी से थमी बल्क ड्रग पार्क की रफ्तार : बिक्रम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
सुक्खू सरकार की नाकामी से थमी बल्क ड्रग पार्क की रफ्तार : बिक्रम ठाकुर


धर्मशाला, 20 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि हरोली में बनने वाला महत्वाकांक्षी बल्क ड्रग पार्क सुक्खू सरकार की सुस्ती, लापरवाही और नकारात्मक सोच के कारण तय समय और गति के अनुसार आगे नहीं बढ़ पा रहा है।

बिक्रम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार लगातार जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। सच्चाई यह है कि बल्क ड्रग पार्क हिमाचल प्रदेश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और तत्कालीन भाजपा सरकार के प्रयासों से मिला था। कोरोना काल के दौरान देश ने दवा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल के लिए विदेशी निर्भरता की चुनौती देखी, जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को फार्मा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से देश में तीन बल्क ड्रग पार्क स्थापित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था।

उन्होंने कहा कि कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच हिमाचल प्रदेश को यह बड़ी उपलब्धि तत्कालीन भाजपा सरकार की मेहनत और प्रभावी पैरवी के कारण मिली। इससे हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावनाएं हैं। यह पार्क प्रदेश की अर्थव्यवस्था और युवाओं के रोजगार का एक बड़ा आधार बनने वाला था, लेकिन सुक्खू सरकार के नकारात्मक रवैये के चलते यह परियोजना काफी धीमी पड़ गई है।

बिक्रम ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने भी स्पष्ट कर दिया है कि बल्क ड्रग पार्क हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार ने दिया है और इसे किसी अन्य राज्य में ले जाने का कोई सवाल ही नहीं उठता। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि प्रदेश सरकार अपनी प्रशासनिक विफलताओं को छिपाने के लिए केंद्र सरकार पर आरोप लगाने और झूठ फैलाने में लगी हुई है, जबकि वास्तविकता यह है कि परियोजना की गति धीमी होने के लिए प्रदेश सरकार स्वयं जिम्मेदार है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story